हल्द्वानी। ई-रवन्ना पोर्टल ठप होने के कारण गौला नदी में फिर 4500 वाहन फंस गए। वाहन स्वामियों ने कई गौला खनन गेटों में खान विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। डीएलएम गौला ने आरोप लगाया कि शिकायत के बाद भी खान विभाग के अधिकारी अपना ई-रवन्ना पोर्टल सही नहीं कर रहे हैं।
बृहस्पतिवार को 11 गौला खनन निकासी गेटों में 7300 वाहन उपखनिज लेने उतरे। जैसे ही वाहन खनिज लेकर लौट रहे थे कि करीब दो बजे ई-रवन्ना पोर्टल बंद हो गया। डीएलएम वाईके श्रीवास्तव ने बताया कि इसकी जानकारी खान विभाग के अधिकारियों को दी गई। इसके बाद भी विभागीय अधिकारियों ने पोर्टल दुरुस्त नहीं कराया। आरोप लगाया कि आए दिन पोर्टल बंद हो रहा है लेकिन अधिकारी सुनने को तैयार नहीं हैं। देर शाम चार बजे पोर्टल दोबारा शुरू हुआ लेकिन पोर्टल से ई-रवन्ना निकलने में लंबा समय लग गया। इसके चलते गौला नदी में 4500 वाहन फंस गए। उधर वाहन फंसने पर कई गेटों पर वाहन स्वामियों ने खान विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया।