रामनगर (नैनीताल)। बस में साइकिल का किराया ज्यादा लेने को लेकर परिचालक ने विदेशी पर्यटक से अभद्रता कर दी। इस पर विदेशी पर्यटक ने रामनगर डिपो के अधिकारियों से शिकायत की। डिपो अधिकारियों ने विदेशी पर्यटकों को मेहमान बताते हुए मामला सुलझाया और किराया कम कर विदेशी पर्यटक को रवाना किया।
दरअसल, अल्मोड़ा से एक विदेशी पर्यटक देहरादून जाने के लिए बस में बैठा। रविवार सुबह वह हल्द्वानी पहुंचा और वहां से हल्द्वानी डिपो की बस में देहरादून के लिए सवार हुआ। उसके पास साइकिल भी थी। हल्द्वानी डिपो की बस में परिचालक ने साइकिल का 197 और उसका देहरादून तक 360 रुपये टिकट बनाया। विदेशी पर्यटक साइकिल का केवल 100 रुपये देने की बात करने लगे। इस पर परिचालक एवं विदेशी पर्यटक में तीखी नोकझोंक होने लगी। हल्द्वानी से चला विवाद रामनगर डिपो तक पहुंचा। यहां विदेशी पर्यटक बस से उतरकर डिपो के एआरएम ऑफिस पहुंचा और परिचालक की शिकायत की। एआरएम मोहन राम, फोरमैन मोहम्मद यामीन एवं स्टेशन इंचार्ज नवीन आर्या ने पहले तो विदेशी पर्यटक को शांत करते हुए पानी पिलाया। इसके बाद परिचालक से साइकिल का सौ रुपये किराया लेकर विदेशी पर्यटक को देहरादून ले जाने को कहा। इस पर मामला शांत हुआ। स्टेशन इंचार्ज ने बताया कि परिचालक ने 50 किलोग्राम भार का साइकिल का टिकट बनाया था, लेकिन विदेशी पर्यटक केवल 100 रुपये देने की बात कर रहे थे। विदेशी हमारे यहां मेहमान हैं, इसे ध्यान में रखते हुए परिचालक से केवल 100 लेने को कहा गया है।
पहले अभद्रता, फिर बढ़ाया मान
विदेशी पर्यटक की साइकिल के किराए को लेकर रोडवेज बस के परिचालक ने की अभद्रता
डिपो अधिकारियों से शिकायत के बाद सुलझा मामला