हल्द्वानी। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सीवर लाइन डालने के चलते क्षतिग्रस्त सड़कों का पुनर्निर्माण काम जल्द शुरू होगा। इसके लिए जलनिगम ने बृहस्पतिवार को टेंडर भी कर दिए हैं। सड़क निर्माण कार्य पर करीब तीन करोड़ की धनराशि खर्च होगी। विभाग की यह कोशिश भी है कि सड़क निर्माण से पहले सीवर कनेक्शन देने का काम पूरा हो जाए ताकि सड़क बनने के बाद सीवर कनेक्शन करने के लिए सड़क फिर से न तोड़ी जाए।
जलनिगम द्वारा अमृत योजना के अंतर्गत आवास विकास कालोनी, सुभाषनगर, हीरानगर समेत विभिन्न क्षेत्रों में सीवर लाइन डालने का कार्य किया जा रहा है। जलनिगम के अधिशासी अभियंता एके कटारिया ने बताया कि जिन क्षेत्रों में सीवर लाइन डालने का काम पूर्ण हो चुका है, वहां जल्द ही क्षतिग्रस्त सड़कों का निर्माण काम शुरू किया जाएगा। इसके लिए टेंडर कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि हीरानगर में सड़क निर्माण का काम शुरू हो चुका है। उन्होंने जलसंस्थान के अधिकारियों से अनुरोध किया है कि सीवर लाइन से कनेक्शन सड़क निर्माण से पहले कर दिए जाएं ताकि दोबारा सड़क न टूटे, इसी के मद्देनजर जलसंस्थान ने लोगों से जल्द सीवर कनेक्शन लेने को कहा है।
शहर में तीन करोड़ से बनेंगी क्षतिग्रस्त सड़कें
सड़क निर्माण से पहले सीवर कनेक्शन देने का होगा काम
जलनिगम ने टेंडर किया, चार माह में होगा कार्य पूर्ण