हल्द्वानी। देवभूमि व्यापार मंडल ने जीएसटी की जटिलताओं को देखते हुए रिटेल कारोबारियों को जीएसटी से मुक्त रखने और निर्माता स्तर पर ही कर वसूलने की मांग की है। इस बाबत एसडीएम को ज्ञापन भी सौंपा है।
विज्ञापन
बृहस्पतिवार को प्रदेश अध्यक्ष अमरजीत चड्ढा के नेतृत्व में कई व्यापारी एसडीएम कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने एसडीएम एपी वाजपेयी को ज्ञापन सौंपकर कहा कि जीएसटी को लागू हुए करीब नौ माह बीत चुके हैं लेकिन अभी तक तकनीकी खामियां दूर नहीं हुई हैं।
जीएसटी की जटिल प्रक्रिया के चलते व्यापारी रिटर्न जमा करने में ही उलझे हुए हैं और व्यापार पर ध्यान नहीं दे पा रहे हैं। इससे सबसे ज्यादा युवा व्यापारी प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि जीएसटी को निर्माता स्तर पर ही वसूला जाए और छोटे कारोबारियों को इससे वंचित रखा जाए। इससे छोटे व्यापारियों को बड़ी राहत मिलेगी।
विज्ञापन
ज्ञापन देने वालों में मुकेश धींगड़ा, गोविंद बगड़वाल, दलजीत सिंह दल्ली, जसविंदर भसीन, राजेंद्र बमेठा, जितेंद्र जायसवाल, पंकज गुप्ता, योगेश कबड़वाल, मनोज जोशी, चंदन बिष्ट, दीपांश पलड़िया, लक्ष्मी नारायण, बसंत रावत आदि शामिल थे।