हल्द्वानी। कड़कड़ाती ठंड ने भले ही सबको बेहाल कर दिया हो मगर ऊर्जा निगम के ट्रांसफार्मरों को गर्म कर दिया है। ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्र में अधिक सर्दी होने के कारण लोड बढ़ गया है।
पहली जनवरी से ठंड प्रतिदिन कंपकंपा रही है। ठंड दिन प्रतिदिन बढ़ रही है। कोहरे एवं गलन ने हाल बेहाल किया है। ठंड अधिक होने के कारण घरों में गीजर, हीटर, एसी (हॉट एंड कोल्ड) का लोड बढ़ गया है। ईई ग्रामीण अमित आनंद ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में मुखानी, बिठौरिया, ऊंचापुल, कुसुमखेड़ा, जजफार्म, तल्ली हल्द्वानी, फूलचौड़ में बिजली का लोड बढ़ गया है, जबकि ईई नगर डीके जोशी ने बताया कि कालाढूंगी उपकेंद्र, सुभाषनगर उपकेंद्र में लोड बढ़ गया है। लोड अधिक होने के कारण सुबह के समय कुछ फीडरों में ट्रिपिंग आ रही है। जोशी एवं आनंद ने बताया कि लगभग दो से ढाई एमयू (मिलियन यूनिट) की खपत बढ़ी है। एक मिलियन यूनिट में दस लाख यूनिट होते हैं। दोनों अभियंताओं ने बताया कि बिजलीघरों की क्षमता वृद्धि कर ली गई थी साथ ही ट्रांसफार्मरों की क्षमता भी बढ़ा दी थी इसलिए कोई समस्या नहीं आई है। दोनों ने लोगों से आह्वान किया कि बिजलीघरों को ओवरलोड होने से बचाने के लिए जितनी आवश्यकता हो उतनी ही बिजली का प्रयोग करें।