हल्द्वानी। नगर निगम में 36 गांव शामिल करने और इसी के साथ वार्डों का परिसीमन पूरा होने के बाद राजनीति तेज हो गई है। भाजपा के सिंबल से चुनाव लड़ने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ नेताओं ने जोर अजमाईश शुरू कर दी है।
शनिवार को जिला प्रशासन ने आपत्तियाें की सुनवाई के बाद जैसे ही 60 वार्ड का परिसीमन पूरा कर शासन को रिपोर्ट भेजी। वैसे ही पुराने पार्षदों और उभरते हुए नेताओं ने तैयारियां शुरू कर दी है। वार्डों के टूटने और नए वार्ड बनने से इस बार पुराने पार्षदों की भी सीट खतरे में है। पुराने पार्षद अपने बढ़े क्षेत्रों में जाकर विकास कार्यों को गिनाने लगे हैं। पिछले साल भाजपा के सिंबल से चुनाव लड़े पार्षद दोबारा सिंबल के लिए प्रयास में लग गए हैं। उधर भाजपा नेता और कार्यकर्ता भी बडे़ नेताओं के पीछे दौड़ लगा रहे हैं। मेयर को लेकर भी भाजपा में लॉबिंग शुरू हो गई। कांग्रेस की स्थिति कमजोर होने के कारण कांग्रेस में दावेदारों की संख्या कम है। कयास लगाए जा रहे हैं कि कांग्रेस मेयर का प्रत्याशी नगर में शामिल नए गांव से ला सकती है। इसे देखते हुए भाजपा ने भी दांव खेलना शुरू कर दिया है।