हल्द्वानी। हल्द्वानी वासियों के लिए अच्छी खबर है। अब शहर वासियाें को गंदे पानी और प्रदूषण से मुक्ति मिलने जा रही है। नगर निगम प्रशासन विद्युत शवदाह गृह बनाने के मामले में एक कदम आगे बढ़ गया है। नगर निगम प्रशासन ने दक्षिण भारत की कंपनी को विद्युत शवदाह की डीपीआर बनाने को दी है। ये शवदाह गृह विद्युत के साथ गैस से भी चलेगा।
शुक्रवार को मेयर जोगेंद्र रौतेला, नगर आयुक्त हरवीर सिंह ने वेबकाश कंपनी के अधिकारियों के साथ रानीबाग में बनाए जाने वाले विद्युत शवदाह की जमीन का निरीक्षण किया। बिजली चले जाने पर दूसरी व्यवस्था करने के लिए शवदाह गृह को गैस से भी चलाने का निर्णय लिया गया। उधर मेयर जोगेंद्र रौतेला ने कंपनी को डीपीआर का काम सौंपते हुए जल्द डीपीआर बनाने के निर्देश दिए। इस दौरान नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तुहीन कुमार, सहायक नगर आयुक्त दलीप कपूर आदि मौजूद रहे।