हल्द्वानी। सुशीला तिवारी अस्पताल में कोविड मरीजों की संख्या बढ़ने के साथ ही ऑक्सीजन की खपत बढ़ गई है। एसटीएच में एक घंटे के भीतर 35 ऑक्सीजन सिलिंडर की खपत हो रही है। बुधवार की रात से बृहस्पतिवार की सुबह तक 1041 सौ ऑक्सीजन सिलिंडर की खपत हुई।
अप्रैल के शुरुआती दौरे में 140 ऑक्सीजन सिलिंडर का प्रयोग हो रहा था। कुछ दिन बाद बढ़कर पांच सौ से छह सौ के बीच पहुंच गया। एसटीएच में कोविड के 334 पॉजिटिव मरीज भर्ती हैं। मरीजों को ऑक्सीजन जरूरत पड़ रही है। ऑक्सीजन की खपत लगातार बढ़ रही है। बुधवार की रात से बृहस्पतिवार की सुबह तक 1041 ऑक्सीजन सिलिंडर की खपत हुई। कोविड के मरीजों को हाइफ्लो ऑक्सीजन पर रखा जा रहा है। एसटीएच के एमएस डॉ. अरुण जोशी ने बताया कि स्टॉक में अभी 350 सिलिंडर हैं। ऑक्सीजन की मांग तेजी से बढ़ती जा रही है। ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट का काम 30 अप्रैल तक पूरा हो जाएगा। जेनरेशन प्लांट से एक दिन में दो सौ सिलिंडर मिल पाएंगे। डॉ. जोशी ने बताया कि बृहस्पतिवार को 20 और ऑक्सीजन कंसंट्रेटर लगा दिए गए हैं।
मरीज को हायर सेंटर रिफर करने पर हंगामा
हल्द्वानी। पांच दिन से एसटीएच में भर्ती एक मरीज को हायर सेंटर रिफर करने पर एसटीएच में हंगामा हो गया। बाद में परिजन मरीज को लेकर चले गए। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार अल्मोड़ा के एक मरीज को पांच दिन पहले एसटीएच में भर्ती कराया गया था। परिजनों का कहना है कि मरीज को कोविड नहीं था। यहां आने के बाद मरीज की रिपोर्ट कोविड पॉजिटिव आई। बृहस्पतिवार को डाक्टरों ने दोनों फेफड़े खराब होने की जानकारी दी और कहा कि मरीज को अगर हायर सेंटर ले जाना चाहते तो ले जा सकते हैं। इस पर परिजनों और डाक्टरों के बीच तीखी बहस हुई। परिजनों ने जाम लगाने की चेतावनी भी दी। परिजन मरीज की हालत को देखते हुए हायर सेंटर बरेली ले गए। इस संबंध में एसटीएच के एमएस डॉ. अरुण जोशी से पूछा गया तो उन्होंने जानकारी होने से इंकार किया।
सिद्धि विनायक और सुबह अस्पताल में भी होगा कोविड का इलाज
हल्द्वानी। हल्द्वानी में कोविड मरीजों के बेड बढ़ाने के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। बृहस्पतिवार को सिद्धि विनायक और सुबह अस्पताल को भी कोविड मरीजों के इलाज की अनुमति मिल गई। सीएमओ डॉ. भागीरथी जोशी ने बताया कि सिद्धि विनायक अस्पताल में 15 बेड हैं। सुबह अस्पताल में कोविड के 24 बेड हैं। मां जगदंबा और कल्याण अस्पताल का भी निरीक्षण किया जाएगा।
मेडिकल कालेज में पीजी की परीक्षाएं अग्रिम आदेशों तक स्थगित
हल्द्वानी। कोविड के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए मेडिकल कालेजों में होने वाली पीजी (एमडी/एमएस) की परीक्षाओं को अग्रिम आदेशों तक स्थगित कर दिया गया है।
हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रोफेसर विजय जुयाल ने आदेश जारी किए हैं। पीजी पूर्व की भांति अपने विभागों में काम करते रहेंगे। दूसरी ओर स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. तृप्ति बहुगुणा ने राजकीय मेडिकल कालेज के प्राचार्यों को आदेश जारी कर एमबीबीएस अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं को कोविड मरीजों के प्रबंधन और ऑक्सीजन थेरेपी का प्रशिक्षण देने के आदेश जारी किए है।
प्रभारी सचिव स्वास्थ्य डॉ. पंकज कुमार पांडे ने जारी आदेश में कहा है कि मेडिकल कालेजों, नर्सिंग कालेजों/स्कूलों और पैरामेडिकल कालेजों की कक्षाएं मई माह तक अब ऑनलाइन चलेंगी। साथ ही हॉस्टल में निवासरत छात्र-छात्राओं को घर भेजने की अनुमति दी जाए। कोविड महामारी के बढ़ते संक्रमण को कम करने के लिए इसे लागू करने को कहा गया है।
23 नए माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाए गए
हल्द्वानी। कोविड के नए केस सामने आने के बाद शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में 23 नए माइक्रो कंटेनमेंट बनाए गए। कार्यवाहक सिटी मजिस्ट्रेट/एसडीएम लालकुआं ऋचा सिंह ने बताया कि पुराने आरटीओ कार्यालय के पास काठगोदाम, देवाशीष होटल के पीछे भोटिया पड़ाव, हरिकृपा बैंक्वेट हॉल के पीछे निकट डीएवी स्कूल कुसुमखेड़ा, क्रेजी किचन के आगे ठाकुरद्वारा गली, द्वारिका पुरी फेज 1 आरटीओ कार्यालय रोड, गली नंबर 7 रामपुर रोड, बद्रीपुरा और रौतेला कालोनी रूप नगर छोटी मुखानी को माइक्रो कंटेनमेंट बनाया गया है। 22 अप्रैल तक 81 माइक्रो कंटेनमेंट बनाए गए और 44 अभी चालू हैं जबकि 37 को खत्म किया जा चुका है। दूसरी ओर एसडीएम विवेक राय ने बताया कि अर्जुनपुर मार्ग के चारों ओर सौ मीटर के दायरे तक, गौलापार में ग्राम सुंदरपुर रैक्वाल, ग्राम कटान नया गांव में ग्राम की सड़क के चारों ओर सौ मीटर के दायरे में, ग्राम धरमगढ़ में ग्राम की सड़क के चारों ओर सौ मीटर के दायरे तक, ग्राम उम्मेदपुर नं 01, ग्राम कटान खनवाल, ग्राम मदनपुर, गणेश नगर रामड़ी जसवा कठघरिया, अमलतास कालोनी, ग्राम पीपल पोखरा नं. 1 एसवीएम स्कूल के सामने, गिरिजा विहार फेस 6 के पास शास्त्री फार्म के समीप छोटी भट्ट कालोनी, अभिवादन कालोनी फूलचौड़ गली के चारों ओर, गिरिजा विहार रॉयल इन्क्लेव कमलुवागांजा नर सिंह तल्ला में मंदिर के चारों ओर सौ मीटर के दायरे में माइक्रो कंटेनमेंट बनाया गया है। इसके अलावा देवला तल्ला और ग्राम सीतापुर तहसील हल्द्वानी में माइक्रो कंटेनमेंट बनाया गया है।
5182 को लगाया गया टीका
हल्द्वानी। जिले के 50 केंद्रों बृहस्पतिवार को 5182 लोगों को कोविड का टीका लगाया गया। एसीएमओ डॉ. रश्मि पंत ने बताया कि शुक्रवार को जिले के 51 केंद्रों पर कोविड का टीका लगाया जाएगा।