हल्द्वानी। सुशीला तिवारी अस्पताल में लगातार बढ़ रहे कोविड मरीजों को देखते हुए डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल ने शुक्रवार से एसटीएच में ओपीडी बंद करने के आदेश दिए हैं। सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल और महिला अस्पताल में मरीजों को ओपीडी में परामर्श दिया जाएगा।
डीएम ने एसटीएच में आने वाले अन्य रोगों से ग्रस्त रोगियों का इलाज एवं परीक्षण बेस एवं महिला अस्पताल में 23 अप्रैल से होगा। दोनों चिकित्सालयों में रोगियों के परीक्षण एवं इलाज के लिए अतिरिक्त डॉक्टरों की तैनाती मेडिकल कॉलेज की ओर से की जाएगी।। सीएमओ डॉ. भागीरथी जोशी को निर्देश दिए है कि दोनों अस्पतालों में ओपीडी शुरू कराएं।
गर्भवती महिलाओं ने लिए जारी किया नंबर
हल्द्वानी। सीएमओ ने डॉ. भागीरथी जोशी ने कहा है कि गर्भवती महिलाएं अतिआवश्यक एवं आपातकालीन स्थिति में ही महिला चिकित्सालय में आएं। गर्भवती महिलाओं को जानकारी देने और उनकी समस्याओं के समाधान एवं परामर्श के लिए डॉ. अनामिका को जिम्मेदारी दी गई है। गर्भवती महिलाएं या उनके परिजन परामर्श एवं सलाह के लिए डॉ. अनामिका के मोबाइल नंबर 89580-67810 पर संपर्क कर सकते हैं।
ऑक्सीजन भंडारण क्षमता को बढ़ाकर 73 टन किया
हल्द्वानी। कोविड के केस बढ़ने के साथ ही अस्पतालों में ऑक्सीजन की मांग बढ़ती जा रही है। ऊधमसिंहनगर जिले के साथ ही कुमाऊं के अस्पतालों में ऑक्सीजन की निर्बाध आपूर्ति के लिए भंडारण क्षमता को बढ़कार 40 टन से 73 टन कर दिया गया है।
सीडीओ ने बताया कि कोविड-19 के संक्रमण के दौरान जिले में आक्सीजन सफ्लाई और आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध उपलब्धता बनाए रखने के उद्देश्य से जिला स्तरीय समितियों का गठन किया गया है। निगरानी की जिम्मेदारी एडीएम वित्त एवं राजस्व सुरेंद्र सिंह जंगपागी की होगी। समिति में सीएमओ/एसीएमओ, महाप्रबंधक उद्योग और औषधि निरीक्षक को नामित किया गया। सीएमओ/एसीएमओ जिले में डीसीएच एवं डीसीएचसी के लिए ऑक्सीजन की मांग का आंकलन करते हुए समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र नियमित रूप से ऑक्सीजन उत्पादक इकाईयों एवं वितरक इकाइयों से संपर्क कर जिले की मांग एवं पूर्ति के लिए समन्वयक का काम करेंगे। औषधि निरीक्षक उक्त कार्य के लिए महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र को सहयोग करेंगी।
प्लाज्मा डोनेट करने वाले करें ऑनलाइन पोर्टल पर दें जानकारी
हल्द्वानी। प्रशासन ने कोरोना से जंग जीत चुके लोगों का विवरण रखना शुरू कर दिया है। सीडीओ नरेंद्र सिंह भंडारी ने कहा कि कोरोना के मामले फिर से बढ़ने लगे हैं। इस कारण प्रशासन ने कोरोना से जंग जीत चुके अधिक से अधिक लोगों से प्लाज्मा दान करने की अपील की है। प्लाज्मा डोनेट करने वाले को ऑनलाइन पोर्टल https://tinyurl.com/plasmaDonorNtl पर जानकारी देनी होगी। प्रशासन इच्छुक लोगों से संपर्क दान करने के लिए तिथि और स्थान की जानकारी देगा।