जामा मस्जिद में जुमे की नमाज अदा करते रोजेदार।
हल्द्वानी। सिटी मजिस्ट्रेट ने अलविदा और ईद पर मुकम्मल व्यवस्था करने के लिए नगर निगम, जल संस्थान और पुलिस विभाग को अपनी जिम्मेदारी का पालन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि ताज चौराहे का नलकूप खराब होने के चलते अलविदा की नमाज के समय आठ टैंकर पानी की व्यवस्था रहेगी।
बनभूलपुरा थाने के समीप बृहस्पतिवार को रोजा इफ्तार पार्टी के आयोजन में सिटी मजिस्ट्रेट पंकज उपाध्याय के साथ एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव, नगर निगम, जल संस्थान और बिजली विभाग के अधिकारी शामिल हुए। रोजा अफ्तार के बाद अलविदा की नमाज और ईंद का त्यौहार अमन और उत्साह के साथ मनाने के लिए बैठक की गई। बैठक के दौरान पानी, बिजली और नगर निगम की समस्याएं रोजेदारों ने उठायी। सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि ताज चौराहे का खराब नलकूप 15 जून तक ठीक हो जाएगा। फिर भी यहां पानी के आठ टैंकरों की व्यवस्था रहेगी ताकि किसी को पानी की दिक्कत न हो सके। नगर निगम सड़क पर छिड़काव और जानवरों के रख रखाव की जिम्मेदारी संभालेंगा। बिजली विभाग कटौती को नियंत्रित रखेगा। पुलिस विभाग के पास सुरक्षा और यातायात की जिम्मेदारी रहेगी। अलविदा की नमाज के समय पुलिस अपने दायित्वों का निवर्हन करेगी। ईद और अलविदा की नमाज के समय शांति व्यवस्था कायम बनाए रखने के लिए लोग अपनी जिम्मेदारी का पालन करेंगे।