रामनगर (नैनीताल)। सरकार के समाधान पोर्टल में रानीखेत रोड पर जाम से निजात पाने के लिए दो बार शिकायत करने के बाद पुलिस प्रशासन जागा। शनिवार को जब पुलिस-प्रशासन दल-बल के साथ निकला तो अतिक्रमणकारी अपना सामान अंदर समेटने लगे। टीम ने अतिक्रमणकारियों पर दो लाख से अधिक का जुर्माना ठोका।
सितंबर में सरकार के समाधान पोर्टल में राजस्व उपनिरीक्षक तारा चंद्र घिल्डियाल ने रानीखेत रोड पर अतिक्रमण की शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस पर उन्होंने 6 नवंबर को दोबारा समाधान पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद स्थानीय पुलिस, प्रशासन और नगरपालिका ने संयुुक्त अभियान चलाकर कोतवाली से लखनपुर चुंगी तक अतिक्रमण हटाया। साथ ही ठेेेका देशी शराब की दुुकान में सीसीटीवी कैमरा नहीं लगाने पर चालान किया गया। इस दौरान 22 अतिक्रमणकारियों पर 10-10 हजार के हिसाब से कुल 2 लाख 20 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया। इसके साथ ही नो पार्किंग व सड़क किनारे सफेट पट्टी पर खड़े 60 वाहनों का चालान कर 10 हजार रुपये संयोजन शुल्क वसूला।
इस दौरान एसडीएम परितोष वर्मा, सीओ लोकजीत सिंह, कोतवाल विक्रम राठौर, एसएसआई कविंद्र शर्मा, नगरपालिका से लला मियां, दीपू बिष्ट के साथ ही भारी पुलिस बल मौजूद रहा।