फिलहाल बनी सड़क की गुणवत्ता दिखाते लोग।
भीमताल (नैनीताल)। भीमताल ब्लॉक के हैड़ाखान से आगे की ओर स्थित गांवों में रहने वाले ग्रामीणों को एक अदद सड़क नसीब नहीं हुई है। इस कारण दर्जनभर से अधिक गांवों में होने वाली सब्जी, अन्य उपज को मंडी तक पहुंचाना ग्रामीणों के लिए टेढ़ी खीर साबित होता है। अपनी उपज को मंडी तक पहुंचाने के लिए क्षेत्र के ग्रामीण हर साल श्रमदान कर गौला नदी के किनारे-किनारे सड़क निर्माण करते हैं। विडंबना है कि बरसात होने पर हर साल ग्रामीणों की इस मेहनत पर पानी फिर जाता है।
भीमताल ब्लॉक के मलुवाताल, पनियाली, चीना, बाड़ा, अम्दौ, जाला, देवनगर, अलचौना समेत इससे लगे गांव सड़क से नहीं जुड़े हैं। हैड़ाखान अथवा जंगलियागांव स्थित सड़क तक पहुंचने के लिए ग्रामीणों को आठ से दस किमी पैदल चलना होता है। उक्त गांवों में आलू समेत अन्य सब्जियों की अच्छी पैदावार होती है लेकिन सड़क और यातायात के साधन न होने के कारण इस उपज को मंडी तक पहुंचाने में किसानों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। मलुवाताल निवासी हरीश गंगोला बताते हैं कि यदि किसान जंगलियागांव, भीमताल होकर अपनी उपज हल्द्वानी स्थित मंडी में भेजते हैं तो मलुवाताल से बूढ़ाधूरा तक 80 किलो उपज का घोड़े का किराया ही 200 रुपये होता है। इससे आगे गाड़ी का किराया अलग। उन्होंने बताया कि चूंकि मलुवाताल से हैड़ाखान होकर हल्द्वानी पहुंचना आसान होता है। इसलिए ग्रामीण बरसात के बाद हर साल मलुवाताल से हैड़ाखान तक गौला के किनारे श्रमदान कर सड़क बनाते हैं। इस दौरान ग्रामीण गौला नदी के किनारे जमा छोटे बड़े पत्थरों को हटाकर रास्ता काटते हैं बल्कि गधेरों के कारण हुए गहरे गड्ढों को भी भरते हैं ताकि पिकप जैसा वाहन आसानी से गांव तक पहुंच सके। गंगोला बताते हैं कि ग्रामीणों ने लगभग 22 दिन तक श्रमदान कर हैड़ाखान से सैलिंग जाला तक 11 किमी कच्ची सड़क बनाई है। गांव के ही रमेश चंद्र पलड़िया बताते हैं कि कच्ची सड़क बनने के बाद किसान को उपज मंडी तक पहुंचाने के लिए कम किराया देना होगा साथ ही ताजी सब्जी समय से मंडी तक पहुंचेगी तो उन्हें दाम भी अच्छे मिलेंगे।
हैड़ाखान से मलुवाताल समेत आगे की ओर को ग्रामीण हर साल गौला नदी के किनारे सड़क बनाते हैं जो कि बरसात में बह जाती है। इसे देखते हुए हैड़ाखान-मलुवाताल रोड का प्रस्ताव राज्य सेक्टर के तहत शासन को भेजा गया है। उक्त सड़क बनने के बाद दर्जन भर से अधिक गांवों और तोकों को लाभ मिलेगा। जल्द सड़क बनाने के लिए शासन पर दबाव बनाएंगे। - राम सिंह कैड़ा, विधायक भीमताल।