भीमताल (नैनीताल)। लेक कार्निवाल भीमताल के दूसरे दिन की शाम बॉलीवुड गायिका अलीशा अरोरा के नाम रही। देर रात तक अलीशा के गीतों पर दर्शक थिरकते रहे। बॉलीवुड गायिका का गीत खत्म होते ही दर्शक दीर्घा से वंस मोर-वंस मोर की आवाजें उठती रहीं। कार्निवाल की इस सांस्कृतिक संध्या को देखने और सुनने के लिए सैकड़ों लोग और सैलानी उमड़े। कार्निवाल के कार्यक्रमों का सिलसिला शनिवारदोपहर बाद डांठ में बने मुख्य मंच में स्कूली बचों के गीत और नृत्यों के साथ हुआ। इस दौरान नगर के विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने कुमाऊं की पारंपरिक वेशभूषा में कुमाऊंनी गीत और नृत्य प्रस्तुत किए। देर शाम आठ बजे के करीब मुख्य अतिथि नैनीताल के विधायक संजीव आर्य ने सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ किया। तत्पश्चात अमन सक्सेना और उनके साथियों ने एक के बाद एक कई फिल्मी गीत प्रस्तुत कर लोगों का मनोरंजन किया। रात नौ बजे के करीब जैसे ही बॉलीवुड गायिका अलीशा मंच पर पहुंची तो लोगों ने जोरदार तरीके से उनका स्वागत किया। अलीशा ने मंच पर आते ही अतिथियों और दर्शकों का अभिवादन किया। उन्होंने अपने करम की कर अदाएं, तेरी गलियां-तेरी गलियां, ऐ मेरे हमसफर एक जरा इंतजार, प्यार मांगा है तुम्हीं से न इनकार करो, ये मेरा दीवानापन है या मोहब्बत का सुरूर, शमा है सुहाना सुहाना, नशे में जहां है, धीरे-धीरह्य मेरी जिंदगी में आना, मेरे महबूब कयामत होगी, ओ मेरे दिल के चैन चैन आए मेरे दिल को दुआ कीजिये गीत सुनाकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। दर्शकों की मांग पर इस अलीशा ने मेरे रस्के कंवर तूनेे पहली नजर-बस नजर से मिलाई तो मजा आ गया और मैनू लग्या इश्क दा रोग गीत सुनाया तो दर्शक मुख्य मंच के आगे आकर मदमस्त होकर झूमने लगे। रात तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का दौर जारी था। सीएम के मीडिया सलाहकार रमेश भट्ट, नवीन बलूनी ने भी लोगों को संबोधित किया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, चेयरमैन राजेश नेगी, भावना मेहरा, विनोद गुणवंत, महेंद्र वर्मा, गोविंद सिंह नेगी, राहुल जोशी, संजय वर्मा आदि थे।
पर्यटन को बढ़ावा देने में मील का पत्थर साबित होगा कार्निवाल : संजीव
भीमताल (नैनीताल)। नैनीताल के विधायक संजीव आर्य ने कहा है कि लेक कार्निवाल भीमताल और इसके आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा देने में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में इस तरह के आयोजनों में वह हरसंभव मदद करेंगे।