दो माह में प्रतिक्षा सूची से भरे जाएं प्रवक्ताओं के रिक्त पद
2014-15 में 1213 पदों में से 109 पद रह गए थे रिक्त
रुद्रपुर। हाईकोर्ट ने राजकीय इंटर कॉलेज में प्रवक्ता भर्ती परीक्षा 2014-15 की अंतिम काउंसलिंग के बाद 1213 पदों में से रिक्त रह गए 109 पदों को प्रतीक्षा सूची से दो माह के भीतर भरने के आदेश शिक्षा विभाग को दिए हैं। रिक्त पदों को न भरे जाने पर प्रतीक्षा सूची के अभ्यर्थियों ने हाईकोर्ट की शरण ली थी।
वर्ष 2014-15 में लोक सेवा आयोग ने राजकीय इंटर कॉलेज के लिए 1213 प्रवक्ता पदों पर भर्ती निकाली थी। अंतिम काउंसलिंग के बाद 109 पद रिक्त रह गए थे। प्रतीक्षा सूची में आए अभ्यर्थियों ने विद्यालयी शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे को ज्ञापन सौंपकर रिक्त पदों को नियमानुसार प्रतीक्षा सूची से भरने की मांग उठाई की थी। इस पर शिक्षा मंत्री ने बेसिक माध्यमिक शिक्षा निदेशक को प्रतीक्षा सूची से रिक्त पदों को भरने के निर्देश दिए, लेकिन शासन ने इस प्रक्रिया को दो वर्ष से अधिक होने की बात कहकर इसे निरस्त कर दिया। इसके बाद प्रतीक्षा सूची में आए अभ्यर्थी हाईकोर्ट चले गए। इस पर न्यायमूर्ति वीके बिष्ट की बेंच ने 8 अक्तूबर को अपना फैसला सुनाते हुए दो माह के भीतर रिक्त पदों को प्रतीक्षा सूची से भरने के आदेश दिए। ब्यूरो