हल्द्वानी। दो साल पहले कुछ युवाओं ने मिलकर एक यू ट्यूब चैनल बनाया। तब उन्हें उम्मीद नहीं थी कि चैनल हिट हो जाएगा और उनकी आय का स्रोत बनेगा। चैनल में कार्यरत छात्रों को आज काम के साथ नाम भी मिला है।
एटीएस इंटरटेनमेंट ग्रुप कुमाऊंनी यू ट्यूब चैनल के संस्थापक जितेंद्र मर्तोलिया ने बताया कि कुमांऊनी संस्कृति से परिचय करवाते गाने, नृत्य, नाटक लोगों को खूब पसंद आ रहे हैं। अब यू ट्यूब की तरफ से हर महीने 15 से 20 हजार तक की राशि का भुगतान किया जा रहा है जिसे चैनल में कार्य करने वाले छात्रों को बतौर प्रोत्साहन राशि स्वरूप दिया जा रहा है।
इस चैनल को चलाने वालों में अधिकतर छात्र हैं जबकि कुछ नौकरी पेशा और व्यापारी वर्ग भी हैं। चैनल के दो गानों ने शादी बारातों में धूम मचा रखी है जिसमें ओ रंगीलो... और रुमाली की गांठा... शामिल हैं। पांच जनवरी ो चंदा वे गाने को चैनल में अपलोड किया गया है जिसे काफी पसंद किया जा रहा है। गीत का फिल्मांकन मंसूरी, ऋषिकेश, देहरादून, उत्तरकाशी सहित अन्य पहाड़ी क्षेत्रों में किया गया है। गीतकार राकेश खनवाल, संगीतकार चंदन और किशन महिपाल ने फिल्मांकन किया है। गाने में किरदार निभाने वाले देहरादून निवासी कलाकार सोहम चौहान व आलिया बिष्ट ने कहा कि पढ़ाई के साथ रोजगार जैसा अनुभव हो रहा है हालांकि अभी उतना खर्च नहीं मिल पा रहा है मगर कई उत्सवों में बुलावा आने लगा है जो हमारी असली कमाई है।