हल्द्वानी। विद्युतीकरण की मांग को लेकर गंगानगर खेड़ा के ग्रामीणों का धरना प्रदर्शन शुक्रवार को भी जारी रहा। इस दौरान ग्रामीणों ने शासन प्रशासन के खिलाफ और अपनी मांग को लेकर नारेबाजी की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो वह आंदोलन को तेज करेंगे।
बुद्ध पार्क में धरना प्रदर्शन कार्यक्रम का नेतृत्व करते हुए खेड़ा के क्षेत्र पंचायत सदस्य अर्जुन सिंह बिष्ट ने कहा कि आजादी के 70 साल बाद भी सरकार गंगानगर के 80 परिवारों को विद्युत कनेक्शन उपलब्ध नहीं करा सकी है। जिसके चलते ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है और स्कूली बच्चों की पढ़ाई भी बाधित होती है।
धरना स्थल पर पहुंचे लालकुआं के विधायक हरीश दुर्गापाल ने भी ग्रामीणों की मांग को जायज बताया। धरना स्थल पर पूर्व ब्लाक प्रमुख संध्या डालाकोटी, किरन डालाकोटी, बीना जोशी, संदीप जोशी, महेश राम, बच्ची सिंह, हरीश राम, शेरी राम, बच्ची राम, खड़क सिंह, मोहम्मद अली, पार्वती देवी, देवकी देवी, चंद्रा देवी, चंपा देवी, जानवी बेगम आदि मौजूद थे। अधिशासी अभियंता नगर डीके जोशी ने बताया कि गंगानगर वन आरक्षित क्षेत्र है, इसलिए विद्युतीकरण नहीं हो पा रहा है।