हल्द्वानी। पेयजल लाइनों की लीकेज और वाल्व खराब होने से कई इलाकों में पेयजल का गंभीर संकट बना है। उधर, पीपल पोखरा में ट्यूबवेल खराब होने से क्षेत्रवासियों को पिछले कई महीनों से पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है। क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था टैंकरों के भरोसे है।
जलसंस्थान सूत्रों के मुताबिक जेल रोड पर पेयजल लाइन की लीकेज की वजह से हीरानगर समेत कई इलाकों की पेयजल सप्लाई बाधित रही। नैनीताल रोड पर आवास विकास के पास संजय कालोनी में वाल्व खराब होने से इलाके की पेयजल सप्लाई ठप है। जलसंस्थान के अवर अभियंता एमसी सती ने बताया कि वाल्व बदलने के लिए लोनिवि से अनुमति लेनी है। शनिवार को अनुमति लेने के बाद वाल्व बदला जाएगा। फिलहाल क्षेत्र में टैंकरों से पेयजल आपूर्ति कराई जा रही है। जलसंस्थान के टैंकर प्रभारी अवर अभियंता पंकज उपाध्याय ने बताया कि शुक्रवार को पीपल पोखरा, इंदिरानगर कठघरिया, जयदुर्गा कालोनी, एनसीसी कैंप रानीबाग, आर्मी गेस्ट हाउस, आदर्श नगर नंबर एक और नंबर दो में टैंकरों से पेयजल वितरित किया गया।