हल्द्वानी। डीएम दीपेंद्र कुमार चौधरी ने सरकारी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में पढ़ने वाले गरीब बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाने के मकसद से अभिनव पहल ‘साथी हाथ बढ़ाना’ की शुरूआत की है। डीएम बुधवार दोपहर राजकीय प्राथमिक विद्यालय जवाहर ज्योति दमुवाढूंगा पहुंचे। उन्होंने चीजें मिल बांट कर उपयोग करने का पाठ पढ़ाया। बाद में डीएम ने प्राइमरी स्कूल और आंगनबाड़ी के बच्चों को खिलौने बांटे।
बुधवार दोपहर डीएम चौधरी जब प्राइमरी स्कूल जवाहर ज्योति में पहुंचे तो दीक्षांत इंटरनेशनल स्कूल के बच्चे करीब 2500 खिलौने और शिक्षण सामग्री लेकर पहुंचे थे। ये खिलौने बच्चों ने खुद जमा किए थे। डीएम ने प्राइमरी स्कूल में कक्षा एक से लेकर पांच तक के बच्चों को मैदान में बैठाकर पहले क्लास ली। उन्होंने बच्चों से सामान्य ज्ञान के प्रश्न भी पूछे गए एवं सही जवाब मिलने पर चॉकलेट दी साथ ही अपने पसंद का खिलौना चुनने को कहा गया। डीएम ने कहा कि स्वयंसेवी संस्थाओं की मदद से बच्चों में शेयरिंग और केयरिंग की भावना विकसित करने को एक जनजागरण अभियान चलाने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने पब्लिक और कान्वेंट स्कूलों का भी आह्वान किया कि वे अपने स्कूल में बच्चों को पुराने खिलौने फेंकने के बजाय दूसरे बच्चों को देने की भावना विकसित करने में सहयोग करें। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी हरेंद्र मिश्रा, सीआरसी नगर क्षेत्र समन्वयक हरीश बिष्ट और दीक्षांत इंटरनेशनल स्कूल की शिक्षिकाओं के अलावा प्राइमरी स्कूल की अध्यापिकाएं उपस्थित रहीं।