द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। मनरेगा कार्यों की धनराशि का भुगतान करने, लाभार्थियों को पेंशन देने सहित तमाम मांगों को लेकर ग्राम प्रधान संगठन का धरना जारी है। ब्लॉक मुख्यालय में तालाबंदी के बाद प्रधानों ने प्रदर्शन किया और सरकार पर पंचायतों के अधिकारों को खत्म करने का आरोप लगाया। कहा कि वृद्धा, विधवा, विकलांग आदि पेंशनों का भुगतान पिछले दो सालों लाभार्थियों को नहीं हुआ है। जिस कारण उनके सम्मुख भूखमरी के हालात पैदा हो रहे हैं। पंचायतों को मिलने वाली राज्य वित्त की धनराशि में कटौती कर पंचायतों को पंगु बनाया जा रहा है। मनरेगा के कुशल मजदूरों का भुगतान नहीं हुआ है।
वक्ताओं ने कहा कि यदि शीघ्र मांगें पूरी नहीं होती तो वृहद आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। पंचायती राज एक्ट को पूर्ण रूप से लागू करने की मांग भी जोरशोर से उठाई गई। इसके अलावा प्रधानों ने सम्मानजनक मानदेय देने और सांसद-विधायकों की तर्ज पर प्रधानों को भी समुचित पेंशन देने पर जोर दिया। धरना प्रदर्शन में प्रधान संगठन के अध्यक्ष महेश पंत, नवीन मैनाली, विपिन पंत, आनंद पांडेय, मदन मोहन कुमैयां, ललित कुमार, धन सिंह बिष्ट, दीपक बिष्ट, कौस्तूभ कुमार सिंह रावत, लाल सिंह, नवीन कठायत, सुरेश चंद्र, जोगा राम, पुष्पा तिवारी, ललित मोहन पांडेय, ख्याली राम, राजेंद्र राम, नारायण सिंह, गोविंद सिंह अधिकारी आदि शामिल थे।