हल्द्वानी। अगर आप के क्षेत्र में सफाई नहीं हो रही है, नालियां चोक हैं तो अब इसकी शिकायत करने के लिए नगर निगम के चक्कर नहीं काटने होंगे। आप घर बैठे एप से इसकी शिकायत कर सकते हैं और फोटो भी अपलोड कर सकते हैं। नगर निगम की टीम एक सप्ताह के भीतर इसका समाधान करेगी।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कांडपाल ने बताया कि भारत सरकार की ओर से एक एप जारी हुआ है। उन्होंने कहा कि नगर निगम में शामिल लोग स्वच्छता एमओएचयूए एप डाउनलोड कर सीधे शिकायत कर सकते हैं। ये शिकायत सीधे सफाई निरीक्षकों के पास आएगी। उन्हें एक सप्ताह के भीतर इस समस्या का समाधान कर संबंधित व्यक्ति को सूचना देनी होगी। ऐसा न करने पर संबंधित सफाई निरीक्षक पर कार्रवाई की जाएगी। डॉ. कांडपाल ने बताया कि इस एप से नाले सफाई, गंदगी, कूड़ा गाड़ी न आने, घरों से कूड़ा न उठने आदि की सूचना दी जा सकती है। इससे पूर्व नगर निगम ने पार्क और शौचालयों की जियो मैपिंग का काम किया था।