हल्द्वानी। नैनीताल रोड स्थित एसबीआई से नवाबी रोड की नहर को कवर किया जाना है। नहर कवरिंग की स्वीकृति मिले छह महीने से अधिक समय हो चुका है लेकिन जलसंस्थान द्वारा पेयजल लाइनों को शिफ्ट नहीं किए जाने से नहर कवरिंग का कार्य शुरू नहीं हो पाया है। अब जलसंस्थान नवाबी रोड में लाइन शिफ्टिंग की टेंडर प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है।
जलसंस्थान के अधिशासी अभियंता संतोष कुमार उपाध्याय ने बताया कि नैनीताल रोड में एसबीआई से नवाबी रोड की सड़क करीब 1.1 किमी तक कवर की जानी है। कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग को नहर कवरिंग में बाधक बनी पेयजल लाइनों की शिफ्टिंग के लिए 83 लाख रुपये का प्रस्ताव दिया गया है। कार्यदायी संस्था की ओर से जलसंस्थान को लाइन शिफ्टिंग के लिए 30 लाख रुपये भी अवमुक्त करा दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि नहर का अधिकांश क्षेत्र क्षेत्र अतिक्रमण की चपेट में है। कार्यदायी संस्था से नहर कवरिंग के साथ ही पेयजल लाइनों की शिफ्ंिटग के लिए स्थल चिह्नित किए जाएंगे।