खेल विभाग ने स्पोर्ट्स स्टेडियम के निर्माणाधीन छात्रावास में कार्य पूरा होने से पहले ही छात्रों को शिफ्ट कर दिया है। विभाग की जल्दी बाजी से विभाग की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में आ गई है। जबकि छात्रावास में अभी तक न तो मैस तैयार हुई है, न ही बाथरूम में फिटिंग का काम पूरा हुआ है। अभी भी छात्रावास में फिनिशिंग का कार्य चल रहा है।
स्पोर्ट्स स्टेडियम हल्द्वानी में खिलाड़ियों के लिए छात्रावास की कार्यदायी संस्था यूपी निर्माण निगम है। नियमानुसार इस छात्रावास को जून में पूरा हो जाना था। लेकिन कार्यदायी संस्था की लेटलतीफी के कारण अभी तक छात्रावास का काम अधूरा है।
आधे-अधूरे बने छात्रावास में खेल विभाग ने छात्रों को इसमें शिफ्ट कर दिया है। शनिवार को अमर उजाला की टीम ने जब छात्रावास का जायजा लिया तो, कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। मौके पर एक बाथरूम को छोड़कर कोई बाथरूम तैयार नहीं था। मैस भी आधी-अधूरी बनी थी। फर्श से लेकर पेंटिंग का कार्य चल रहा था। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर विभाग को छात्रों को इतनी जल्दी क्यों आधे-अधूरे छात्रावास में शिफ्ट करने की जरूरत आ पड़ी।
अधिकारियों के अलग-अलग बोल
छात्रावास में छात्रों को शिफ्ट करने के मामले में खेल विभाग के अधिकारियों ने चुप्पी साध ली है। जिला क्रीड़ा अधिकारी अख्तर अली ने बताया कि अभी खेल विभाग ने छात्रावास को हैंडओवर नहीं किया है। इसमें काम अधूरा है, अधूरा काम करने के बाद छात्रावास को लेंगे। उधर, यूपी निर्माण निगम के प्रोजेक्ट इंजीनियर सीके सकलानी का कहना था कि छात्रावास खेल विभाग को हैंडओवर कर दिया गया है। इसमें छात्र रहने लग गए हैं। कुछ फिनिशिंग शेष है, उस पर कार्य किया जा रहा है।