लालकुआं। बिंदुखत्ता क्षेत्र में चल रहे राशनकार्ड सत्यापन अभियान में लगातार खुलासे हो रहे हैं। पांचवें दिन इंदिरानगर प्रथम, इंदिरानगर द्वितीय, शांतिनगर और 25 एकड़ झोपड़पट्टी क्षेत्र में घर-घर जाकर किए गए सत्यापन के दौरान 136 राशनकार्डों की जांच में 19 सफेद और दो पीले समेत कुल 21 राशन कार्ड अपात्र पाए गए। पांच दिनों में अपात्र पाए गए राशन कार्डधारकों की संख्या 189 पहुंच गई है।
एसडीएम न्यायिक एवं नोडल अधिकारी रेखा कोहली के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत लाभार्थियों की आर्थिक स्थिति, रोजगार, आय के स्रोत एवं अन्य पात्रता मानकों की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार पांच दिनों में अब तक 1834 राशन कार्डों का सत्यापन किया जा चुका है। इनमें 189 सफेद एवं पीले राशन कार्डधारक अपात्र पाए गए हैं।