हल्द्वानी। दशहरा पर्व पर रामलीला मैदान में एक बार फिर असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक रावण का 50 फुट ऊंचा पुतला धू-धू कर जल उठा। इसी बीच हजारों लोगों ने तालियां बजाकर श्रीराम का उद्घोष किया। आतिशबाजी के रंगीन नजारों के बीच दर्शकों से खचाखच भरे रामलीला मैदान में हजारों लोग बुराई पर अच्छाई की जीत के साक्षी बने।
रावण का पुतला दहन से पहले राम-रावण युद्ध हुआ। युद्ध के दौरान श्रीराम के एक के बाद एक बाणों से रावण के सिर और भुजाएं गिरतीं रहीं लेकिन नाभि में अमृत के कारण वह पुन: जीवित हो उठतीं। विभीषण श्रीराम को रावण की नाभि में अमृत होने की जानकारी दी तो श्रीराम ने रावण की नाभि में अमृत सुखा दिया। इसी के साथ व्यास मंच से पं. गोपाल भट्ट शास्त्री ने श्रीराम का उद्घोष किया और लंकाधिपति रावण धराशायी हो गया। श्रीराम ने लक्ष्मण को राजनीति की शिक्षा लेने भेजा। लक्ष्मण रावण के सिर के पास खड़े हुए तो रावण कुछ नहीं बोला। बाद में पैरों के पास जाकर लक्ष्मण ने रावण को प्रणाम कर राजनीति की सीख ली। इसी बीच रावण की मृत्यु हो गई। रावण की मृत्यु की घोषणा के साथ ही रामलीला मैदान में बनाए गए रावण के 50 फुट ऊंचे पुतले को आग के हवाले किया गया। शुक्रवार को युवा वैश्य महासभा और महिला वैश्य महासभा ने राम सेवा दी। इस दौरान मुख्य अतिथि आरएसएस के प्रांत प्रचारक युद्धवीर, प्रचारक शरद, पूर्व मेयर डॉ. जोगेंद्र रौतेला, सुचित्रा जायसवाल, सीमा देवल, विवेक कश्यप, अतुल अग्रवाल, अतुल जायसवाल, विनीत अग्रवाल, एनबी गुणवंत आदि थे।
पुतला दहन मिनट दर मिनट
सायं 7:20 बजे : काल को लेकर रावण युद्ध भूमि में आया और काल को मुक्त किया।
सायं 7:22 बजे : राम-रावण की सेना का युद्ध।
सायं 7:25 बजे : रावण की आधी सेना खत्म
सायं 7:30 बजे : हनुमान-रावण का युद्ध।
सायं 7:33 बजे : रावण ने शुरू किया भगवान शंकर का यज्ञ।
सायं 7:34 बजे : राम दल ने विभीषण के बताने पर यज्ञ विध्वंस किया।
सायं 7:45 बजे : राम-रावण का दोबारा युद्ध, रावण की नाभि में राम ने मारा तीर।
सायं 7:47 बजे : लक्ष्मण ने रावण से लिया राजनीति का ज्ञान।
सायं 7:50 बजे : अशोक वाटिका से हनुमान सीता को श्रीराम के पास लाए।
सायं 7:52 बजे : रावण का 50 फुट ऊंचा पुतला दहन हुआ।
रावण के पुतले की राख लेने को उमड़ी भीड़
हल्द्वानी। रावण का पुतला दहन के बाद लोग राख लेने के लिए टूट पड़े। बताते हैं कि रावण के पुतले की राख घर में रखने से आसपास बुरी शक्तियों का प्रवेश नहीं होता है और घर में सुख, शांति बनी रहती है।
होली ग्राउंड में होगा भरत मिलाप
हल्द्वानी। रामलीला कमेटी के मीडिया प्रभारी विनीत अग्रवाल ने बताया कि शनिवार को मंगलपड़ाव स्थित होली ग्राउंड में भरत मिलाप होगा। यह कार्यक्रम शाम 4:30 बजे शुरू होगा।