रामनगर (नैनीताल)। यहां एमपी हिंदू इंटर कॉलेज के मैदान में शाम छह बजे से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रामलीला का मंचन हुआ। राम, रावण पक्ष की सेनाओं का युद्ध समाप्त होते ही शाम सात बजे रावण के विशालकाय पुतले में आग लगी, तो मेला मैदान पर मौजूद भीड़ का रोमांच दोगुना हो गया। धूम-धड़ाके, शानदार आतिशबाजी के साथ रावण दहन के बीच मेला मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंजता रहा। बृहस्पतिवार से बनाया जा रहा 60 फुट लंबा रावण, 50 फुट लंबा मेघनाथ का पुतला दो मिनट में जल गया। मैदान से बाहर बड़ी संख्या में फड़, ठेले, स्टॉल लगे रहे। जहां बच्चों ने खिलौनों की जमकर खरीदारी की। यातायात नियंत्रित करने के लिए पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। अराजक तत्वों, छेड़छाड़ करने वालों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी भी लगे थे। महिला पुलिस कर्मियों को सादी वर्दी में तैनात किया गया था।