हल्द्वानी। शहर में मानकों की अनदेखी कर बाजारों के बीच कारोबारियों ने 15 पटाखा गोदाम बनाने की तैयारी कर ली है। वहीं मानकों को दरकिनार कर अधिकारियों ने भी अनुमति दे दी है। इन्हीं गोदामों से ग्रामीण क्षेत्रों में भी पटाखों की सप्लाई की जाती है। यदि कहीं आग लगने की घटना हुई तो समय से दमकल वाहन मौके पर नहीं पहुंच पाएंगे। वहीं सीएफओ का कहना है कि ऐसे गोदामों की जांच की जाएगी।
अग्निशमन विभाग के अनुसार शहर के मंगलपड़ाव बाजार में दो गोदाम, किला बाजार में तीन, महिला अस्पताल के पास एक, कारखाना बाजार में तीन गोदाम, सदर बाजार में दो, कालाढूंगी चौराहा, मुगली गार्डन, पैठ पड़ाव में एक-एक गोदामों में पटाखा भंडारण के लिए लाइसेंस का नवीनीकरण किया है। कुछ कारोबारियों ने आतिशबाजी के लिए आर्डर भी दे दिए हैं।
सीएफओ संजीव कुमार ने स्वीकार किया कि गोदामों में पटाखा भंडारण के लिए नवीनीकरण किया गया है। पटाखा आने पर गोदामों की जांच की जाएगी। मानकों के अनुसार आबादी से बाहर पटाखे के गोदाम होने चाहिए। कहा कि यदि कोई हादसा हुआ तो बाजार के बीच दमकल की गाड़ियां भी भेजनी मुश्किल हो जाएगी।