हल्द्वानी। सुशीला तिवारी अस्पताल और विवादों का एक-दूसरे से पुराना नाता है। एसटीएच के दंत रोग विभाग में सोमवार को एक डॉक्टर ने एक मरीज का खराब की जगह सही दांत उखाड़ दिया। इसे लेकर मरीज-डॉक्टर के बीच कहासुनी हुई। बाद में डॉक्टर ने मरीज को एक निजी क्लीनिक में ले जाकर रूट कनाल कराया।
भीमताल के एक मरीज के दांत में बहुत तकलीफ थी। वह इलाज कराने के लिए एसटीएच पहुंचा। जहां दंत रोग विभाग के डॉक्टर ने मरीज के खराब दांत की जगह सही दांत को निकाल दिया। इस पर मरीज और परिजन भड़क गए। डॉक्टर ने सही दांत को दोबारा इंप्लांट किया। इसके बाद डॉक्टर मरीज को लेकर एक निजी क्लीनिक में गईं और उसका रूट कनाल कराया। इस संबंध में एसटीएच के एमएस डॉ. एके पांडे ने कहा कि मरीज ने इस मामले में कोई शिकायत नहीं की। डॉक्टर और मरीज ने आपस में ही मामले को निपटा लिया है।