हल्द्वानी। सेना भर्ती रैली में मैदान के युवा भी गिरते-पड़ते रहे। मंगलवार को ऊधमसिंह नगर जिले के 6,319 युवकों ने सेना भर्ती के लिए हुई दौड़ में हिस्सा लिया। इसमें से सिर्फ 525 युवक ही सफल हो सके। ऊंचाई और सीने की माप में 40 युवकों के छंटने पर 485 युवक ही मेडिकल जांच के लिए भेजे गए हैं।
सेना भर्ती के निदेशक बिनेश नायर के अनुसार ऊधमसिंह नगर जिले के 8,584 युवकों ने पंजीकरण कराया था। इनमें से 6,319 युवक ही भर्ती रैली स्थल पर हिस्सा लेने के लिए आए। अभिलेखों की जांच के दौरान 38 युवक बाहर हो गए। इसके बाद 6281 युवकों ने दौड़ में भाग लिया। कैंट परिसर में सेनाधिकारियों ने कई समूह बनाकर युवकों को दौड़ कराई। युवकों को 1600 मीटर की दौड़ के लिए मैदान के तीन चक्कर लगाने थे, लेकिन कई युवक पहले और दूसरे चक्कर को पूरा करने के बाद ही बैठ गए। दौड़ के बाद युवकों ने ऊंची कूद, लंबी कूद, बैलेंस, बीम आदि की शारीरिक परीक्षा दी। ऊंचाई, सीने की नाप में 40 युवक छंट गए। सेना के अधिकारियों ने अंत में 485 युवकों को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया। सेना की प्रत्येक टीम अपने-अपने कार्यों को अंजाम दे रही थी। सेना के अधिकारी प्रत्येक टीम की निगरानी कर रहे थे।
नैनीताल के साढ़े छह हजार अभ्यर्थी भाग लेंगे
सेना भर्ती में भाग लेने के लिए बुधवार को नैनीताल जिले से पंजीकृत 6500 युवकों के भाग लेने की उम्मीद है। सेना के अधिकारियों ने चौथे दिन की भर्ती रैली के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। पुलिस अधिकारियों ने भी नैनीताल के युवकों के लिए फोर्स का इंतजाम किया है।