हल्द्वानी। रिमझिम फुहार ने सोमवार को उमस से राहत दी। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र ने मंगलवार से बृहस्पतिवार तक कुमाऊं में मूसलाधार बारिश की संभावना जताई है।
रविवार की देर रात बारिश हुई। सोमवार को सुबह से बादल छाए हुए थे। दोपहर में रिमझिम फुहार पड़ने के कारण उमस से राहत मिली। हल्द्वानी का अधिकतम तापमान 32.9 और न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम और न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा। जबकि मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान कम होने के कारण गर्मी से राहत मिली। अधिकतम तापमान 20.4 और न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम और न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा।
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र ने दस जुलाई को उत्तराखंड में कहीं-कहीं विशेषकर कुमाऊं क्षेत्र और चमोली, पाड़ी एवं रुद्रप्रयाग में भारी से बहुत भारी की संभावना जताई है। जबकि 11 और 12 जुलाई को देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी और राज्य में भारी बारिश की संभावना जताई है।