हल्द्वानी। राजपुरा में शनिवार रात एक प्रेमी युगल शादी करने की तैयारी कर रहे थे। प्रेमिका के नाबालिग होने की शिकायत पर पहुंची भोटिया पड़ाव पुलिस ने शादी रोक दी।
चौकी प्रभारी प्रताप सिंह नगरकोटी ने बताया कि मदन कश्यप ने सिटी मजिस्ट्रेट से शिकायत की कि राजपुरा में नाबालिग लड़की की शादी उसके उम्र में काफी बड़े व्यक्ति से हो रही है। इस पर पुलिस फोर्स राजपुरा क्षेत्र पहुंची।
चौकी प्रभारी की पूछताछ से पता चला कि 19 साल का युवक 16 साल की किशोरी से प्यार करता है। दोनों यूपी बाराबंकी क्षेत्र के मूल निवासी हैं। उनके माता पिता काफी दिनों से राजपुरा में रहते हैं। प्रेमी युगल ने कार्ड भी नहीं छपवाया था, लेकिन कुछ लोगों ने पुलिस से शिकायत कर दी। शिकायतकर्ता राजनीतिक दल से जुड़े हैं। चौकी प्रभारी का कहना है कि फिलहाल प्रेमी युगल की शादी रोक दी गई है। किशोरी जब बालिग होगी, तभी दोनों शादी कर सकते हैं। युवक और किशोरी दोनों मान गए हैं। दोनों परिवार काफी गरीब है। पुलिस ने समझा बुझाकर दोनों पक्षों को छोड़ दिया है।