हल्द्वानी। जिला प्रशासन की ओर से सोमवार को वन महोत्सव एवं जल शक्ति अभियान का शुभारंभ किया गया। वक्ताओं ने पौधरोपण कर जल संरक्षण का महत्व बताया।
नैनीताल के विधायक संजीव आर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष सुमित्रा प्रसाद, मेयर डॉ. जोगेंदर पाल सिंह रौतेला, सीडीओ विनीत कुमार ने सोमवार को रानीबाग स्थित एचएमटी परिसर से जल चेतना रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विधायक आर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप व्यापक स्तर पर जिले में जल संरक्षण का कार्य किया जाएगा। सीडीओ विनीत कुमार ने कहा कि इस अभियान के तहत जिले में 15 सितंबर तक जिले भर में वाटर होल, वर्षा जल संरक्षण, छोटे तालाब बनाकर जल संरक्षण किया जाएगा।
पौधरोपण जल संरक्षण का लिया संकल्प
हरी झंडी दिखाकर जल चेतना रथ को किया रवाना
रानीबाग से वन महोत्सव, जलशक्ति अभियान शुरू
यह लोग भी रहे कार्यक्रम में मौजूद
हल्द्वानी। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य डॉ. हरीश बिष्ट, सुंदर लाल आर्य, ग्राम प्रधान गीता आर्या, हेम जंतवाल, कमला देवी, विपिन चंद्र पलड़िया, नारायण सिंह, डीडीओ रमा गोस्वामी, डीआरडीए के परियोजना निदेशक बालकृष्ण, डीएफओ टीआर बीजू, जिला युवा कल्याण अधिकारी दीप्ति जोशी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी ललित मोहन जोशी, जल संस्थान के ईई विशाल सक्सेना, संतोष कुमार उपाध्याय, सीईओ केके गुप्ता, जिला उद्योग केंद्र के जीएम विपिन कुमार आदि थे।
जलसंस्थान में भी जलशक्ति अभियान की शुरुआत
हल्द्वानी। जलसंस्थान परिसर में पौधरोपण के साथ जलशक्ति अभियान की शुरुआत की गई। अभियान के तहत जलसंस्थान आसपास के चाल, खाल विकसित करने के साथ ही लोगों को वर्षा जल संरक्षण के लिए जागरूक किया जाएगा। ईई विशाल कुमार सक्सेना ने अभियान की शुरुआत की। कोटाबाग और कालाढूंगी क्षेत्र में आंवलाकोट, स्यात, बजूनियाहल्दू, गोरियादेव, कमोला, भीमपुरी उदयपुरी, सेमलखेत, बांसी, घुग्घूखान आदि इलाकों में ग्रेविटी की पेयजल योजनाएं हैं। इनके आसपास चालखाल विकसित किए जाएंगे।
अभियान के शुभारंभ में ग्रामीणों को न बुलाने पर रोष
हल्द्वानी। रानीबाग के पूर्व जिला पंचायत सदस्य संजय साह ने एचएमटी परिसर में आयोजित वन महोत्सव और जल शक्ति अभियान में स्थानीय ग्रामीणों को न बुलाने पर रोष व्यक्त किया है। साह का कहना है कि ब्लॉक स्तरीय इस कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों के अलावा गिने चुने जनप्रतिनिधि मौजूद थे। आम जनता की सहभागिता नहीं थी। वहीं सीडीओ विनीत कुमार के मुताबिक उक्त कार्यक्रम का जिला, ब्लॉक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया गया था।
जल संरक्षण के लिए बनाए बरसाती टैंक
रामगढ़ (नैनीताल)। बीडीओ चंद्रा राज ने सोमवार को विकासखंड सभागार में जल संरक्षण के लिए अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों के साथ बैठक की। बीडीओ चंद्रा ने बताया कि एक जुलाई से 15 सितंबर तक गांव-गांव में जल संरक्षण संबंधी जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। ताकि लोग जागरूक होकर कच्चे तालाब, जल संरक्षण टैंक बना सकें। बैठक के बाद बीडीओ चंद्रा राज ने कर्मचारियों और ग्रामीणों के साथ मिलकर रामगढ़ क्षेत्र में कच्चे तालाब बनाने के लिए श्रमदान किया।