भारत में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति
- फोटो : www.pexels.com
हल्द्वानी। तीन दिन बाद महिला अस्पताल की अल्ट्रासाउंड मशीन ठीक हो गई, लेकिन अब भी गर्भवती महिलाओं के अल्ट्रासाउंड नहीं हो सकेंगे। क्योंकि महिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड कर रहे रेडियोलॉजिस्ट डॉ.हरीश लाल को बेस अस्पताल के सीएमएस का कार्यभार सौंप दिया गया है। अलबत्ता इमरजेंसी केस के अल्ट्रासाउंड बेस अस्पताल में होंगे, जबकि अन्य गर्भवती महिलाओं को बाहर से अल्ट्रासाउंड कराना पड़ सकता है।
18 जून को महिला अस्पताल की अल्ट्रासाउंड मशीन खराब हो गई थी, जिसे शुक्रवार दोपहर में ठीक करा दिया गया, लेकिन रेडियोलॉजिस्ट डॉ.हरीश लाल को बेस अस्पताल के सीएमएस का कार्यभार सौंपा गया है। डॉ.लाल के सीएमएस बनने से महिला अस्पताल में आने वाली गर्भवती महिलाओं के अल्ट्रासाउंड बंद हो जाएंगे। वहीं, बेस अस्पताल में कार्यरत सीएमएस डॉ.एसके शाह को प्रोन्नति के साथ ही बागेश्वर का सीएमओ बनाया गया है। इस संबंध में महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ.भागीरथी जोशी ने कहा कि स्वास्थ्य निदेशक कुमाऊं से रेडियोलॉजिस्ट की मांग की गई है। स्वास्थ्य निदेशक कुमाऊं डॉ.आरती ढौडियाल का कहना है कि स्वास्थ्य महानिदेशक और शासन से रेडियोलॉजिस्ट की मांग की जाएगी। उधर, डॉ.लाल ने कहा कि एंटी रैबीज वैक्सीन उपलब्ध कराना और शीघ्र ही फिजीशियन की तैनाती कराना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
महिला अस्पताल में नहीं हो पाएंगे अल्ट्रासाउंड
रेडियोलॉजिस्ट ने संभाला बेस अस्पताल के सीएमएस का प्रभार
बेस अस्पताल के सीएमएस सीएमओ बागेश्वर के लिए रिलीव