भीमताल (नैनीताल)। शहर के पैराडाइज होटल तल्लीताल में टूटी सड़क के पास बृहस्पतिवार शाम बाइक को बचाने के प्रयास में सैलानियों की कार झील में जा घुसी। चालक ने तैरकर जान बचाई। वहीं, सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार को झील से निकालने के लिए क्रेन को बुलाया है।
पुलिस के मुताबिक बृहस्पतिवार शाम तल्लीताल पैराडाइज होटल के पास सिंचाई विभाग की टूटी सड़क के पास बाइक को बचाने के प्रयास में स्विफ्ट कार (डीएल05 सीके5605) अनियंत्रित होकर झील में जा घुसी। कार चालक अभिषेक शर्मा पुत्र रूप किशोर निवासी मेरठ यूपी ने तैरकर जान बचाई। कार चालक ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथियों को भीमेश्वर मंदिर में छोड़कर ठंडी सड़क स्थित होटल में कार पार्किंग करने जा रहा था, लेकिन टूटी सड़क के पास बाइक चालक को बचाने के प्रयास में कार झील में जा गिरी। थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक ने बताया कि कार में चालक के अलावा कोई नहीं था। पाठक ने बताया कि कार को क्रेन की मदद से निकाला जाएगा।
बाइक को बचाने के प्रयास में सैलानियों की कार झील में गिरी
कार चालक ने तैरकर बचाई जान
सिंचाई विभाग को ठहराया जिम्मेदार
स्थानीय निवासी देवेंद्र फर्त्याल, पूरन बृजवासी ने बताया कि जहां से कार झील समाई है, वहां सिंचाई विभाग की झील किनारे लगी सुरक्षा दीवार टूटी है। इस कारण कार झील में जा गिरी। अगर झील किनारे रेलिंग लगी होती तो शायद कार झील में नहीं गिरती। स्थानीय लोगों ने कहा कि सिंचाई विभाग टूटी दीवार एक साल से नहीं बना पा रहा है, जिसके चलते भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।