हल्द्वानी। पर्यटन सीजन के कारण रविवार को यात्रियों की भीड़ बढ़ी तो बसें फिर कम पड़ गई। दिल्ली और नैनीताल के लिए बसें कम पड़ने पर अधिकारियों ने रुद्रपुर, भवाली, टनकपुर, काठगोदाम की बसें मंगाई। बावजूद इसके यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा। नैनीताल रूट पर बसों ने कई चक्कर लगाए।
रविवार को पर्यटकों के दिल्ली लौटने के चलते दिल्ली रूट पर बसें कम पड़ गई। भीषण गर्मी में बस नहीं मिलने से यात्रियों ने रोडवेज बस अड्डे पर हंगामा भी किया। हल्द्वानी डिपो इंचार्ज सहित रोडवेज के आला अधिकारी दिन भर बसों का इंतजाम करने में लगे रहे। नैनीताल रूट पर भवाली, अल्मोड़ा, टनकपुर और काठगोदाम डिपो से बस मंगाकर इस रूट पर लगाया गया। दिल्ली रूट पर रुद्रपुर, टनकपुर और काठगोदाम डिपो से बसें मंगाकर भेजा गया। इसके बाद भी देर रात तक दिल्ली जाने वाले यात्रियों की भीड़ रोडवेज बस अड्डे पर लगी रही। हल्द्वानी स्टेशन इंचार्ज रवि कापड़ी ने बताया कि दिल्ली रूट पर पांच अतिरिक्त बसें दूसरे डिपो से मंगाकर भेजी गई।
फिर कम पड़ी बसें, यात्री परेशान
भीड़ बढ़ने पर दूसरे डिपो से बसें मंगाकर चलाई गई व्यवस्था