भवाली (नैनीताल)। कौश्याकुटौली के एसडीएम विवेक राय ने शुक्रवार को जिले भर के अधिकारियों के साथ 15 जून के कैची मेले की तैयारियों को लेकर कैंची मंदिर परिसर में बैठक की। इस दौरान कैची मंदिर के आसपास मुख्य रूप से बिजली, पानी, कूड़ेदान और यातायात व्यवस्था पर खास ध्यान रखने पर चर्चा की गई। तय किया गया कि 15 जून को उत्तराखंड परिवहन निगम नैनीताल से कैची तक 10 मेला स्पेशल बसें चलाएगा, जिसका न्यूनतम किराया 20 रुपये रहेगा।
नगर पालिका से आठ कर्मचारियों को नियुक्त कर चार कूड़ेदान लगाने, जिला पंचायत को भी कूड़ेदान लगाकर सफाई का खास ध्यान रखने, 12 जून से जल संस्थान को पानी के दो टैंकर लगाने के साथ ही स्टाक में पानी रखने पर चर्चा हुई। बताया गया कि मेले में स्वास्थ्य सुविधा केंद्र लगाकर एक महिला और पुरुष डॉक्टर सुबह से मौजूद रहेंगे। एसडीएम ने एनएच अधिकारियों को मंदिर के आस-पास सड़क को जल्द दुरुस्त करने को कहा। व्यापारियों ने एसडीएम को बताया कि उनके द्वारा खैरना से कैची तक निशुल्क बसें चलाने और कड़ी धूप में लोगों के लिए पानी, शर्बत की व्यवस्था की जाएगी।
भवाली के सीओ आरएस नबियाल ने बताया कि 15 जून को वाहनों के रूट बदले जाएंगे, बड़े वाहनों को मेला परिसर क्षेत्र में नहीं घुसने दिया जाएगा। साथ ही मंदिर के मुख्य गेट के पास पुलिस सहायता केंद्र बनेगा। मेले में चोरों, जेबकतरों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। सिविल वर्दी में पुलिस मनचलों पर नजर रखेगी। सड़क किनारे बाइक पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। कैची मंदिर समिति प्रबंधक विनोद जोशी ने कहा कि मेले को सफल बनाने के लिए समिति और प्रशासन द्वारा चाक-चौबंद व्यवस्था की जा रही रही है। एसडीएम ने बताया कि 12 जून को फिर बैठक के माध्यम से कार्यों की समीक्षा की जाएगी। इस दौरान वन क्षेत्राधिकारी मुकुल शर्मा, कार्यवाहक अधिशासी अधिकारी पंकज जोशी, चेतना कांडपाल, पंकज कुमार, आरके शर्मा, गौरव नेगी, चंदन बिष्ट, नेमी चरण, सुरेंद्र फर्त्याल आदि थे।
नैनीताल से कैंची तक रोडवेज की दस स्पेशल बसें चलेंगी
कैंची मेले के लिए वाहनों के बदले जाएंगे रूट
कैची मेले को सफल बनाने को लेकर हुई बैठक