हल्द्वानी। प्रतिभाएं सुविधाओं की मोहताज नहीं होतीं। यह उक्ति सार्थक साबित कर दिखाई है संसाधन विहीन गौलापार के दो गरीब घर के छात्रों ने। जिन्होंने प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान बनाकर प्रदेश और जिले का नाम रोशन किया है।
पूरन सिंह मोहन सिंह इंटर कालेज कुंवरपुर के इंटरमीडिएट के छात्र पंकज जोशी ने 91.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश की मेरिट में 24 वां स्थान पाया है जबकि दौलतपुर इंटर कालेज के छात्र कमल सिंह रैकुनी ने हाईस्कूल की परीक्षा में 94.80 प्रतिशत अंकों के साथ प्रदेश की मेरिट सूची में 19 वां और जिले की सूची में तीसरा स्थान बनाया है। इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले बागजाला निवासी पंकज के पिता गणेश दत्त जोशी गौलापार के एक पेट्रोल पंप में सेल्स मैन हैं। वह बताते हैं कि पंकज ने हाईस्कूल परीक्षा में भी 10 सीजीपीए अंक प्राप्त किए थे। मूलरूप से द्योई, जैंती अल्मोड़ा निवासी पिता गणेश दत्त जोशी और माता गंगा जोशी के पुत्र पंकज एयर फोर्स में जाना चाहते हैं। गंगा जोशी बताती हैं कि मेहनत, मजदूरी करके बच्चों को शिक्षा दिला रहे हैं। तीन बेटों में सबसे बड़े बेटे बसंत ने भाईयों की पढ़ाई के लिए इंटर के बाद खुद पढ़ाई छोड़ दी। वह भी एक पेट्रोल पंप में सेल्स मैन है। परिवार के भरण पोषण में मदद कर रहा है।
हाईस्कूल परीक्षा में जिले में तीसरा स्थान बनाने वाले तारा नवाड़ निवासी कमल रैकुनी के पिता पान सिंह रैकुनी कुंवरपुर में सड़क किनारे एक खोखे में फल, सब्जी बेचकर गुजर बसर कर रहे हैं। मूल रूप से गोलछाना तोपा (चंपावत) निवासी पान सिंह बताते हैं कि वह गजरौला में एक कंपनी में नौकरी करते थे। 10 साल पहेल गौलापार में एक मकान के लायक जमीन खरीदी। उनके दो लड़कों में कमल बड़े हैं जबकि छोटा बेटा कपिल आठवीं कक्षा में पढ़ता है। हाईस्कूल परीक्षा में 19 वीं रैंक पाने वाले उनके पुत्र कमल इन दिनों अपने ननिहाल रीठा साहिब गए हैं। पान सिंह ने बताया कि कमल इंजीनियर बनकर सेवा करना चाहता है। पान सिंह ने बताया कि यहां आने के बाद दो साल बेरोजगार रहे। अब फल, सब्जी बेचकर गुजारा कर रहे हैं।
प्रतिभाओं ने दिखा दिया कि सुविधाएं मायने नहीं रखतीं
दो गरीब छात्रों ने पाया मेरिट में स्थान, एक के पिता पेट्रोल पंप में सेल्समैैन तो दूसरे के पिता सड़क किनारे बेचते हैं फल व सब्जी
कैलाश पाठक
कुंवरपुर इंटर कॉलेज में पहली बार मेरिट में आया कोई छात्र
हल्द्वानी। पूरन सिंह मोहन सिंह इंटर कॉलेज कुंवरपुर की स्थापना के बाद से आज तक पहली बार कोई छात्र प्रदेश की मेरिट सूची में आया है। विद्यालय के प्रबंधक नरेंद्र सिंह महरा ने बताया कि विद्यालय की स्थापना 1996 में हुई। पहली बार पंकज जोशी ने प्रदेश में 24 वां स्थान लेकर विद्यालय का मान बढ़ाया है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में इंटर में 118 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी जिसमें से 32 प्रथम, 61 द्वितीय और दो छात्र तृतीय स्थान पर रहे। विद्यालय का इंटरमीडिएट का उत्तीर्ण प्रतिशत 80.50 प्रतिशत रहा। जबकि हाईस्कूल में 61 विद्यार्थियों में से 34 प्रथम, 20 द्वितीय, चार तृतीय रहे।