किच्छा। विदेश भेजने के नाम पर पंजाब के तरनतारन निवासी एक व्यक्ति से लाखों रुपये ठग लिए गए। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अमनदीप सिंह निवासी तरनतारन बाबा बुड्ढा इन्क्लेव पंजाब ने कोतवाली पुलिस को बताया कि जून 2024 में उसके मौसी के पुत्र रंजीत सिंह निवासी आवास विकास किच्छा के माध्यम से जसमान सिंह बेदी, सुखवीर बेदी निवासी बेदी मोहल्ला व अमन चट्ठा निवासी माधवपुर तहसील बहेड़ी जिला बरेली ने उसको आस्ट्रेलिया भेजने का भरोसा दिया था, जसमान सिंह बेदी, सुखवीर बेदी और अमन चट्ठा ने 15.50,000 रुपये की मांग की। उन्होंने मांगे हुए रुपये दे दिए।
इसके बाद उन्हें कागजात दे दिए गए। वह लेकर एयरपोर्ट पहुंचे तो वहां के अधिकारियों ने कागजातों को फर्जी बताकर लौटा दिया। जब उन्होंने ठगों से पूरी बात बताकर रकम मांगी तो वह मुकर गए, अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज करने लगे। आरोप लगाया कि ठगों ने कहा कि अगर दोबारा रुपये मांगे या कोई कानूनी कार्रवाई की तो जान से मार देंगे। कोतवाल प्रकाश सिंह दानू ने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है।