रामनगर (नैनीताल)। सर्दियां बढ़ने के साथ ही कॉर्बेट टाइगर रिजर्व (सीटीआर) में वन्यजीवों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। यूपी की सीमा से सटे सीटीआर की दक्षिणी सीमा पर गश्त बढ़ाने के साथ ही निदेशक ने स्पेशल टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स (एसटीपीएफ) को जरूरी निर्देश दिए हैं। विभागीय अधिकारियों की माने तो सर्दियों में वन्यजीवों के शिकार की आशंका बढ़ जाती है। इसी वजह से यह सतर्कता बरती जा रही है।
सीटीआर का कालागढ़, झिरना, ढेला रेंज का क्षेत्र यूपी के जिला बिजनौर की सीमा से सटा है। वहां आए दिन शिकार की आशंका रहती है। क्रिसमस डे, न्यू ईयर सेलीब्रेशन के लिए यहां आने वाले पर्यटकों की वजह से यह क्षेत्र संवेदनशील है। सीटीआर के साथ कॉर्बेट लैंडस्केप के अन्य वनक्षेत्रों में भी गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। गश्त के दौरान वन क्षेत्रों में मिलने वाले सभी प्रकार की गतिविधियों के सबूत जुटाने को भी कहा है ताकि भविष्य में वन, वन्यजीव प्रबंधन के लिए प्रस्तावित कार्ययोजना में जरूरी सुधार, बदलाव किया जा सके।
सीटीआर के दक्षिणी क्षेत्र में गश्त बढ़ाई
निदेशक ने एसटीपीएफ को दिए यूपी की सीमा के सटे जंगल में जाने के निर्देश
सर्दियों में शिकारियों के सक्रिय होने की आशंका
सर्दियों में शिकारियों के सक्रिय होने की आशंका के मद्देनजर वन्यजीवों की सुरक्षा बढ़ाई जा रही है। इसमें कोई कमी न हो इसके लिए अधिकारी तकनीकी, कड़ी निगरानी का तरीका अपना रहे हैं। एसटीपीएफ को भी गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
- राहुल, निदेशक
सीटीआर, रामनगर।