गरुड़(बागेश्वर)। जिला प्रशासन ने बैजनाथ बैराज की सफाई करने की तैयारी शुरू कर दी है। बैराज की सफाई कराने से जिला प्रशासन को जहां लाखों रुपये राजस्व मिलेगा, वहीं बैराज में पानी एकत्र होने की क्षमता बढ़ जाएगी।
सिंचाई विभाग ने तीन साल पूर्व बैजनाथ मंदिर समूह के पास पंद्रह करोड़ रुपये की लागत से बैराज का निर्माण किया। बैराज के बनने के बाद आज तक इसकी सफाई नहीं हो पाई है। जबकि सिंचाई विभाग ने बैराज की सफाई कराने के संबंध में दो साल पूर्व जिला प्रशासन को कहा था। सफाई नहीं होने से बैराज में भारी मात्रा में रेता और पत्थर एकत्र होने से इसकी गहराई कम हो गई है। सिंचाई उप खंड बैजनाथ के एई एससी सती ने बताया कि बैराज की सफाई बनने के बाद अभी तक नहीं हुई है। जिससे बैराज में रेता और पत्थर भारी मात्रा में एकत्र हो गया है। नियमानुसार बैराज की हर हर साल सफाई होनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि बैराज की सफाई होने से सरकार को हर साल 40 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त होगा। डीएम रंजना राजगुरु ने बताया कि बैराज की शीघ्र सफाई कराई जाएगी। उन्होंने खान अधिकारी और एसडीएम गरुड़ से बैराज की सफाई कराने की सारी औपचारिकताएं पूरी करने को कहा है।