रामनगर (नैनीताल)। काशीपुर-बुआखाल राष्ट्रीय राजमार्ग 121 पर गर्जिया के पास बुधवार सुबह हाथियों का झुंड आ गया। खाने की तलाश में हाथियों के झुंड ने एनएच पर कब्जा जमाए रखा। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने पटाखे जलाकर हाथियों को हाइवे से हटाया, तब जाकर करीब एक घंटे बाद जाम खुला और राहगीरों ने राहत की सांस ली।
रामनगर वन प्रभाग कोसी रेंज के वन बीट अधिकारी वीरेंद्र पांडेय ने बताया कि हाथियों के झुंड में 10 से अधिक हाथी थे। इनको देखते ही वाहनों में सवार लोगों ने अपनी गाड़ियों के खिड़की, दरवाजे बंद कर लिए। वह हाथियों के जाने का इंतजार करने लगे लेकिन हाथियों का झुंड करीब आधा घंटे तक हाइवे से नहीं हटा तो गर्जिया पुलिस चौकी पर तैनात सिपाहियों ने वन विभाग के अधिकारियों को सूचना दी। पहले वनकर्मियों ने हवाई फायरिंग की। इसके बाद पटाखे जलाने पर हाथियों का झुंड कोसी नदी की ओर चला गया। करीब डेढ़ घंटे तक जाम में फंसनेे के बाद ही राहगीर आगे बढ़ सके। इससे परेशान लोगों ने वनविभाग से समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।