रामनगर (नैनीताल)। मानव रहित रेलवे क्रॉसिंग पार कर रहे बाइक सवार शिक्षक ट्रेन की चपेट में आ गए। इससे उनका दायां हाथ कटकर अलग हो गया। सरकारी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद घायल शिक्षक को हायर सेंटर रेफर किया गया।
ग्राम शिवलालपुर चुंगी निवासी मनोज रावत प्राथमिक विद्यालय चिल्किया में शिक्षक हैं। शुक्रवार सुबह वह संकुल प्रभारी की हैसियत से प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण कर लौट रहे थे। रास्ते में टांडा मल्लू से आगे बसई गांव के पास वह मानवरहित रेलवे क्रॉसिंग पर रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे, कि तभी उनकी बाइक रामनगर से मुरादाबाद जाने वाली ट्रेन की चपेट में आ गई। शिक्षक ट्रैक पर गिर गए। इससे उठते समय उनका दायां हाथ ट्रेन के पहिये के नीचे आ गया। इससे पूरी तरह से कटकर अलग हो गया। हादसे के बाद रेलगाड़ी भी रुक गई। रेलवे स्टाफ ने मौके पर ही घायल शिक्षक के हाथ में पट्टी बांधी। घटना के करीब आधा घंटे तब तक 108 एंबुलेंस न पहुंचने पर राहगीरों ने शिक्षक को टेंपो से अस्पताल पहुंचाया।