हल्दूचौड़ (नैनीताल)। यहां जीआईसी परिसर मोतीनगर में आयोजित तराई भाबर महोत्सव में समापन हो गया। इस दौरान प्रख्यात लोकगायक गजेंद्र राणा ने पुष्पा छोरी पौड़ी खाव की लगदी छै तू बड़ी कमाल की... गीत गाया तो दर्शक झूमने लगे।
समापन सत्र के मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत एवं पूर्व कबीना मंत्री हरीश दुर्गापाल ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। नेताद्वय ने कहा कि हमारी संस्कृति केे संवर्धन एवं संरक्षण से ही पर्वतीय संस्कृति को विशेष सम्मान मिला है। यह देवभूमि की संस्कृति है। इस प्रकार के आयोजन हमारी संस्कृति, लोककला, लोकसंगीत, लोकगायन, लोकवाद्य यंत्रों के प्रदर्शन के सफल एवं उचित मंच है। हम अपनी कला, संस्कृति को भूल रहे हैं। इससे दूर हो रहे हैं जबकि हमें अपनी कला, संस्कृति को संरक्षित रख नई युवा पीढ़ी को सौंपना है। उन्होंने आयोजकों को बधाई दी। लोकगायक गजेंद्र राणा ने भगवान कैलाश महादेवा शंभू भगवाना, नौ बैनों की दुर्गा तेरी पूजा करूंला भजन सुनाए। बबली तेरो मोबाइल, वाबे तेरी स्माइल, फुर्की बान आदि प्रस्तुतियां देकर मंत्रमुग्ध किया। लोककला समिति रामनगर की टीम समेत स्थानीय कलाकारों ने भी मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान पूर्व प्रमुख संध्या डालाकोटी, विपिन जोशी, दिनेश भारद्वाज, चंद्रशेखर पंत, डॉ. बालम सिंह बिष्ट, विक्की पाठक, कैलाश गोला, सीमा पाठक, इंद्रलाल, सुरेश जोशी, रचना पंत, सुरेश जोशी आदि थे।