नैनीताल। लोअर माल रोड टूटने से नगर को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। एक ओर जहां अपर माल रोड और सीवर लाइन को खतरा पैदा हो गया है वहीं दूसरी ओर नंदा देवी का दशकों पुराना परंपरागत रास्ता बदलने की नौबत आ रही है।
115वां महोत्सव 14 सितंबर को शुरू हो रहा है। बुद्धिजीवियों का कहना है कि लोअर माल रोड महोत्सव तक ठीक न हुआ तो रास्ता बदलना तय है। ऐसे में एक ओर दशकों पुरानी परंपरा प्रभावित होगी वहीं रोड बंद होने से जनता और पर्यटकों को परेशानी का सामना करना होगा। मेलाधिकारी एसडीएम अभिषेक रुहेला ने बताया कि अगर लोअर माल रोड महोत्सव तक ठीक नहीं होता है तो डोला का रास्ता बदलने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। जरूरत पड़ने पर आयोजक राम सेवक सभा से विचार विमर्श कर रास्ता परिवर्तित किया जाएगा। राम सेवा सभा के अध्यक्ष मनोज साह ने बताया कि लंबे समय से एक ही रास्ते से मां नंदा देवी का डोला आता रहा है। इस बार लोअर माल रोड टूट गया है। अगर रोड ठीक न हुआ तो रास्ता बदलना पड़ेगा। राम सेवक सभा के पूर्व अध्यक्ष मुकेश जोशी मंटू ने बताया कि अब तक हर बार नंदा देवी का डोला मां नैना देवी मंदिर से उठता रहा है। डोला मल्लीताल पुलिस चौकी के पास से लोअर माल रोड से तल्लीताल की ओर जाता था और वापस आते समय अपर माल रोड से आता था। इस बार ऐसा प्रतीत हो रहा है कि डोला आएगा भी अपर माल रोड से और जाएगा भी अपर माल रोड से।