रामनगर (नैनीताल)। डेल्टा, कांपेक्ट, स्मार्ट फैक्ट्री के मजदूरों की महासभा रविवार को पीपलसाना में हुई। इसमें मजदूरों ने शोषण बर्दाश्त न करने का संकल्प लिया। कहा कि 28 अगस्त को रामनगर में जुलूस निकालकर एसडीएम को ज्ञापन दिया जाएगा।
महासभा में मजदूरों ने कहा कि सभी फैक्ट्रियां श्रम कानूनों का उल्लंघन कर रही हैं। श्रम विभाग भी श्रम कानूनों का अनुपालन नहीं करा सका है। सरकार लगातार श्रम कानूनों को मालिकों के पक्ष में बदलती जा रही है। ऐसे में मजदूरों को संघर्ष कर दिखा देना होगा कि अब हम शोषण बर्दाश्त नहीं करेंगे। इन मजदूरों को हरिद्वार, रुद्रपुर सिडकुल, काशीपुर की मजदूर यूनियनों ने सहयोग दिया। महासभा में रिचा श्रमिक संगठन काशीपुर, टेक्नो इलेक्ट्रॉनिक्स मजदूर यूनियन, श्रमिक संयुक्त मोर्चा रुद्रपुर, भारत हेवी इलेक्ट्रिकल लिमिटेड (भेल) हरिद्वार, मजदूर ट्रेड यूनियन, एवरेस्ट मजदूर संगठन, ट्रेडिंग इंजीनियर्स लिमिटेड मजदूर यूनियन सहित इंकलाबी मजदूर केंद्र, प्रगतिशील महिला एकता केंद्र, क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन, परिवर्तनकामी छात्र संगठन, देवभूमि विकास मंच ने भी समर्थन दिया। महासभा में मदन, अजय, पंकज, हेम, प्रेमप्रकाश आर्या, तुलसी, नवनीत, बलदेव सिंह, शीला शर्मा, प्रेमा, सोनी, मंजू देवी, अंकुर, सोनू आदि थे।
पीपलसाना में हुई मजदूरों की महासभा
28 अगस्त को निकालेंगे जुलूस, देंगे ज्ञापन