बिंदुखत्ता (नैनीताल)। पुरानाखत्ता गांव निवासी ठेका श्रमिक की पत्नी को कूलर से करंट लग गया। इससे उसकी मौत हो गई जबकि महिला की गोद में बैठी उसकी दुधमुंही बच्ची दूर छिटककर बच गई।
बिंदुखत्ता के पुराना बिंदुखेड़ा निवासी कमल जग्गी की 29 वर्षीय पत्नी प्रीति शनिवार को खेत में धान की रोपाई कर रही थी। शाम को भूख लगने के कारण उसकी सात माह की पुत्री अनंत्या रोने लगी। बच्ची के लगातार रोने के चलते प्रीति रोपाई का काम छोड़कर बच्चे को दूध पिलाने के घर आई। जल्दबाजी में नंगे पैर घर पहुंची प्रीति ने बच्ची को गोद में बिठाकर जैसे ही कूलर चलाया तो उसे कूलर से करंट लग गया। इससे उसकी गोद में बैठी नन्हीं बच्ची झटके से छिटककर दूर जा गिरी जबकि महिला कूलर से ही चिपकी रह गई। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो प्रीति को कूलर से चिपका देख उनके होश उड़ गए। परिजन तत्काल उसे एसटीएच हल्द्वानी ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रीति की मौत से उसके परिजनों में कोहराम मच गया। कमल ने बताया कि 10 साल बाद उसकी पुत्री हुई थी। लंबे समय बाद घर में बेटी होने से परिजन खुश थे लेकिन अब इस घटना से कमल बदहवास हालत में है। घटना से पूरे गांव में शोक छा गया।