रामनगर (नैनीताल)। भाई-बहन के साथ घर में खेलते समय रविवार को तीन वर्षीय बच्ची की पानी से भरे ड्रम में डूबने से मौत हो गई। परिजन बचने की उम्मीद में मासूम को लेकर संयुक्त चिकित्सालय पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बिहारी टप्पर ग्राम पूछड़ी निवासी रंजीत की तीन वर्षीय पुत्री महक अपने भाई-बहन के साथ खेल रही थी। खेल-खेल में महक घर के आंगन में रखे पानी के कटे हुए ड्रम में झांकने लगी। संतुलन बिगड़ने पर महक ड्रम में औंधे मुंह गिरकर डूब गई। हादसे के वक्त महक के पिता रंजीत काम पर गए थे और मां पास के ही जंगल में लकड़ी बीनने गई थी। महक के भाई और बहन पास में ही खेल रहे थे। जब मां घर आई तो उसने देखा कि महक पानी के ड्रम में औंधे मुंह गिरी थी। इस पर उसने महक को बाहर निकालकर मदद के लिए लोगों को बुलाया। महक को गोद में लेकर मां बदहवास हो गई। आसपास के लोग निजी वाहन से महक को संयुक्त चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन रोते बिलखते हुए निजी वाहन से ही महक को घर ले गए।