रामनगर (नैनीताल)। चिल्किया-जस्सागांजा क्षेत्र के ग्राम मडैया के ग्रामीणों ने स्टोन क्रशर लगाने का विरोध किया है। इसकी स्थापना के लिए मंगलवार को जब सर्वे टीम जमीन की नापजोख करने पहुंची तो ग्रामीणों ने नारेबाजी कर टीम को लौटा दिया। कहा कि यह स्टोन क्रशर किसी भी कीमत पर नहीं बनेगा क्योंकि इससे ग्रामीणों का जीना दूभर हो जाएगा।
गांव में स्टोन क्रशर लगाने का प्रयास पिछले साल से किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को सर्वे टीम जमीन की नापजोख करने लगी तो उन्हें विरोध का सामना करना पड़ा। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने जोरदार नारेबाजी की। कहा कि स्टोन क्रशर से गांवों की सड़कों पर दिन-रात डंपरों का राज रहेगा। इन डंपरों से धूल भी उड़ेगी, जिसका बुरा असर गांव के वातावरण, बच्चों पर भी पड़ेगा, जो उनके स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होगा। ग्रामीणों ने कहा कि वह बुधवार को क्षेत्रीय विधायक दीवान सिंह बिष्ट, एसडीएम परितोष वर्मा को ज्ञापन सौंपेंगे। मशक्कत के बाद भी ग्रामीणों ने सर्वे नहीं होने दिया तो अपने वाहनों को वहीं छोड़कर सर्वे टीम को मजबूरन लौटना पड़ा। इस दौरान सुनीता देवी, गुड्डी देवी, शांति, पूजा रावत, सुधा देवी, रोशनी नेगी, घुंघरी देवी, सुमन गुसांई, पूजा देवी, शोभा देवी, प्यारी देवी, कांति देवी, रेखा, बीना रावत, विजय कुमार, बलविंदर सिंह, मुकंद सिंह, हरदीप सिंह, अमर सिंह आदि थे।
मडैया में स्टोन क्रशर लगाने का विरोध
ग्रामीण बोले, किसी भी कीमत पर स्टोन क्रशर नहीं लगने देंगे