रामनगर (नैनीताल)। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा के रिजल्ट को लेकर इन दिनों युद्ध स्तर पर कार्य चल रहा है। इसके लिए मंगलवार को बोर्ड निदेशक आरके कुंवर परीक्षाफल कार्य प्रगति की समीक्षा करेंगे। बोर्ड सूत्रों के अनुसार 28 मई तक हरहाल में परीक्षाफल घोषित कर दिया जाएगा।
इस वर्ष हाईस्कूल की 6 मार्च व इंटरमीडिएट के 5 मार्च से शुरू होकर 24 मार्च तक परीक्षा खत्म हो गई थी, जिसमें हाईस्कूल संस्थागत में 72354 बालक, 72164 बालिका, व्यक्तिगत में बालक 3075, बालिका 1852 कुुल 149445 परीक्षार्थी परीक्षा में पंजीकृत हुए। वहीं इंटरमीडिएट में संस्थागत 61321 बालक, 63567 बालिका व्यक्तिगत में 4611 बालक, 2882 बालिकाएं कुल 132381 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए। उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक चला था। इसमें लगभग 5000 शिक्षकों ने मूल्यांकन का कार्य किया।