रामनगर (नैनीताल)। श्री गोमती पूरन प्रसाद आर्य कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने बृहस्पतिवार को नगर में मौन जुलूस निकाला। इसके लिए कुछ छात्राओं ने मुंह पर काली पट्टी भी बांधी थी। प्रधानाचार्या हरिप्रिया सती समेत शिक्षिकाएं भी जुलूस में शामिल रहीं। इसके माध्यम से उन्होंने देशभर में बढ़ रहीं बलात्कार की घटनाओं के प्रति रोष जताया। उन्होंने बालिकाओं के विरुद्ध समाज में बढ़ रहे यौन अपराधों की रोकथाम के पुख्ता उपाय करने की मांग की।
नैनीताल। रेप पीड़िता को न्याय देने की मांग करते हुए डीएसबी परिसर के छात्र-छात्राओं ने रैली निकाली। उन्होंने कठुआ कांड के दोषियों को सख्त से सख्त सजा देने की मांग की। सड़क पर उतरे छात्र-छात्राओं ने नारेबाजी करते हुए कहा कि कई बच्चियों के साथ दरिंदगी हो चुकी है। ऐसे जघन्य अपराधों को करने वालों को बख्शा नहीं जाना चाहिए। इस दौरान रिषभ जोशी, शार्दूल नेगी, अजय सिंह बिष्ट, हिमांशु बिष्ट, गौरव कुमार आदि मौजूद रहे।