गरुड़ (बागेश्वर)। मार्च के पहले हफ्ते में नाबालिग से छेड़छाड़ करने के आरोपी डॉ. संजीव सरना का तबादला हो गया है। शासन के मुताबिक डॉ. सरना का तबादला पौड़ी जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पैठानी के लिए हुआ है। उनके बदले पौड़ी में तैनात डॉ. विजय कुमार गुप्ता को मोहन सिंह मेहता सीएचसी बैजनाथ भेजा गया है।
डॉ. सरना के तबादले की मांग को लेकर क्षेत्रवासी करीब एक महीने से संघर्षरत थे। क्षेत्रवासियों का आरोप था कि डॉ. सरना पहले भी कई बार महिलाओं से अभद्रता और छेड़छाड़ कर चुके हैं। डॉक्टर का तबादला नहीं होने से लोगों में भारी आक्रोश था। लोगों ने डॉ. सरना के तबादले की मांग को लेकर विधायक चंदन राम दास को ज्ञापन भी सौंपा था। इसके बाद विधायक ने सीएम और डीजी हेल्थ से बात कर आरोपी डॉक्टर के तबादले का आश्वासन दिया था। स्वास्थ महानिदेशक अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि डॉ. सरना का स्थानांतरण पौड़ी किया गया है। डॉ. सरना का स्थानांतरण होने से क्षेत्र की जनता में खुशी का माहौल है।